7 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के लोअर सुनहेट स्थित एक स्कूल एवं छात्रावास में 14 वर्षीय छात्र की कथित उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने के मामले में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने जांच तेज कर दी है। समिति ने मामले की स्थिति रिपोर्ट खुंडियां पुलिस से तलब की है।
सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि मीडिया में सामने आई खबरों के बाद समिति ने इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया। मामले की समीक्षा और शुरुआती जांच की जानकारी लेने के लिए समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें सदस्य संगीता गौतम, विजय कुमार, विकास और नरेशठा कुमारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पुलिस से प्राप्त रिपोर्ट की जांच कर कानून के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समिति के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि खुंडियां पुलिस ने छात्र के परिजनों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लोअर सुनहेट स्थित संस्थान के प्रबंध निदेशक, प्रिंसिपल, हॉस्टल वार्डन और स्कूल बस चालक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।