7 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा धर्मशाला के पास पास्सू स्थित सब्जी मंडी के समीप उस समय हुआ, जब तेज मोड़ पर स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी 23 वर्षीय रामवीर के रूप में हुई है, जबकि घायल 23 वर्षीय निलेश कुमार भी शाहजहांपुर का ही रहने वाला है। दोनों धर्मशाला के ढगवार स्थित मिल्क प्लांट के पास किराए के मकान में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात दोनों युवक स्कूटी पर शिल्ला मार्ग से ढगवार की ओर जा रहे थे। पास्सू सब्जी मंडी के समीप मोड़ पर स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में रामवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एएसपी बीर बहादुर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।