राम मंदिर ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपत राय के इस्तीफे और एसआईटी रिपोर्ट पर हो सकता है फैसला

6 जुलाई: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को अयोध्या में आयोजित होगी। दोपहर तीन बजे राम जन्मभूमि परिसर स्थित गेस्ट हाउस में होने वाली इस बैठक में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में गठित एसआईटी की रिपोर्ट, ट्रस्ट की वित्तीय व्यवस्था, प्रशासनिक बदलाव तथा महासचिव चंपत राय के भविष्य समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

पहले यह बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आश्रम मणिराम दास छावनी में प्रस्तावित थी, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते इसका स्थान बदलकर राम जन्मभूमि मंदिर परिसर कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे। ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के अनुसार बैठक की सूचना सभी सदस्यों को दे दी गई है, जबकि वरिष्ठ सदस्य के. परासरन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसमें शामिल होंगे।

सूत्रों के अनुसार बैठक में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद और कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में एसआईटी की रिपोर्ट पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही ट्रस्ट की वित्तीय व्यवस्था की समीक्षा, प्रशासनिक सुधार और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का भविष्य माना जा रहा है। चंपत राय लंबे समय से राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संगठनात्मक चेहरों में रहे हैं और मंदिर निर्माण की पूरी प्रक्रिया में उनकी अहम भूमिका रही है। चढ़ावा विवाद के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिस पर ट्रस्ट ने अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बैठक में उनके इस्तीफे पर भी फैसला लिया जा सकता है।

इसके अलावा बैठक में राम मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार और ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को और प्रभावी बनाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य हैं, जिनमें तीन पदेन सदस्य अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद तथा केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे शामिल हैं।

ट्रस्ट की इस बैठक पर देशभर की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसमें लिए जाने वाले निर्णय राम मंदिर ट्रस्ट की आगे की कार्यप्रणाली और हालिया विवादों के समाधान की दिशा तय कर सकते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *