केंद्रीय विश्वविद्यालय में रिक्त सीटों पर एडमिशन का मौका, 10 जुलाई तक करें आवेदन

6 जुलाई: प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट, बीटेक तथा अन्य पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए नए आवेदन आमंत्रित किए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 3 जुलाई से 10 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में सबसे पहले सीयूईटी (पीजी)-2026 के माध्यम से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो सीयूईटी (पीजी) में शामिल, लेकिन पूर्व प्रवेश प्रक्रिया में चयनित न हो सके अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। जिन विभागों में प्रतीक्षा सूची उपलब्ध है, वहां रिक्त सीटें पहले वेटिंग सूची के अभ्यर्थियों से भरी जाएंगी।

स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन शुल्क सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि बीटेक और एक वर्षीय बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस कार्यक्रम के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये रखा गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जमा किया गया आवेदन शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।

पहली चयन सूची 13 जुलाई को जारी की जाएगी और चयनित अभ्यर्थियों को 15 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। दूसरी चयन सूची 17 जुलाई को प्रकाशित होगी, जबकि शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई निर्धारित की गई है। दस्तावेजों का सत्यापन एवं पंजीकरण 20 जुलाई को संबंधित विभागों में किया जाएगा।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी रिक्त सीटों की सूची में एमए, एमएससी, एमकॉम, एमसीए, एमबीए, एमएसडब्ल्यू, एमएफए, एमटेक, एलएलएम, विभिन्न पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट तथा बीटेक सहित कुल 53 पाठ्यक्रम शामिल हैं। इनमें एमएससी (जियोलॉजी) में 34, एमए (पंजाबी) में 33, पीजी डिप्लोमा इन अंबेडकर स्टडीज में 32, एमए (एजुकेशन), एमए (संस्कृत), एमए (न्यू मीडिया) तथा बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस में 31-31 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं एमए (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) में 30 और एमए (योग) में 28 रिक्त सीटें हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *