मैट्रन के रिक्त पदों पर जल्द होगी पदोन्नति, स्वास्थ्य विभाग ने मांगा रिकॉर्ड

6 जुलाई: हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मैट्रन के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग ने सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए वार्ड सिस्टरों की वर्ष 2022 से 2025 तक की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर), इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट तथा वार्ड एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स या बीएससी नर्सिंग से संबंधित जानकारी दो सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है।

विभाग ने 30 सितंबर 2025 तक की अंतिम वरिष्ठता सूची के आधार पर सामान्य, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की पात्र वार्ड सिस्टरों का रिकॉर्ड भी मांगा है। इसके अलावा दिव्यांग श्रेणी के उन कर्मचारियों का विवरण भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्होंने चार वर्ष की नियमित अथवा नियमित एवं निरंतर एडहॉक सेवा पूरी कर ली है और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखते हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी संस्थानों से मैट्रन के स्वीकृत पदों, वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या, रिक्त पदों की स्थिति, सेवानिवृत्ति या पदोन्नति से खाली हुए पदों के साथ-साथ 31 मार्च 2027 तक रिक्त होने वाले पदों का ब्यौरा भी मांगा है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी यह जानकारी प्राथमिकता के आधार पर दो सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि मैट्रन पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके। साथ ही वरिष्ठता सूची में यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो तो उसकी सूचना भी तत्काल देने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार के कानूनी विवाद से बचा जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *