13 से 22 अगस्त तक लगेंगे श्री नयनादेवी अष्टमी मेले, 400 से अधिक सुरक्षा कर्मी रहेंगे तैनात

4 जुलाई : विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में 13 से 22 अगस्त तक आयोजित होने वाले अश्रावण अष्टमी मेलों की तैयारियां जिला प्रशासन ने शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को मातृ आंचल भवन में उपायुक्त एवं मंदिर न्यास के आयुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को नौ सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर 400 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, बस अड्डे से मंदिर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए छह बैरिकेड लगाए जाएंगे।

श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए छह स्थायी एवं अस्थायी चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेला चिकित्सा अधिकारी तथा बीएमओ श्री नयनादेवी सहायक चिकित्सा अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टोबा, घवांडल और रोपवे क्षेत्र में बैरियर लगाए जाएंगे तथा विशेष बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी।

प्रशासन इस वर्ष ग्रीन मेले की थीम पर विशेष ध्यान देगा। लंगर लगाने के लिए ऑनलाइन अनुमति दी जाएगी और आयोजकों को स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। मेले के दौरान पंजाब से करीब 300 स्वयंसेवक सेवाएं देंगे, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच, निर्बाध पेयजल एवं बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माता की पिंडी के दर्शन का सीधा प्रसारण तीन एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। इसके अलावा लगभग एक हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला जर्मन हैंगर बनाया जाएगा और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।

बैठक के बाद उपायुक्त राहुल कुमार ने श्री नयनादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिला वासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास की ओर से उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को माता की पवित्र चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *