4 जुलाई: श्री मणिमहेश यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए इस वर्ष कई अहम निर्णय लिए गए हैं। यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। पंजीकरण शुल्क के संबंध में निर्णय जल्द लिया जाएगा, जिसकी आधिकारिक सूचना अलग से जारी की जाएगी। वहीं मणिमहेश झील के परिक्रमा मार्ग पर केवल अधिकृत और प्रशिक्षित गाइड के साथ ही श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति होगी। बिना गाइड किसी भी श्रद्धालु को परिक्रमा पथ पर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
यह जानकारी कांगड़ा मंडल के आयुक्त संदीप कुमार ने शुक्रवार को श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा हिमाचल प्रदेश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।
मंडलायुक्त ने ऐतिहासिक चौगान में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त और सुव्यवस्थित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन को यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रा मार्ग और विभिन्न पड़ावों पर चिकित्सा दल, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग और वन विभाग को यात्रा मार्गों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त पुलियों के पुनर्निर्माण, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की निगरानी तथा पैदल मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा गया। साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जल शक्ति विभाग को यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के अलावा अस्थायी शौचालय, स्नानागार, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, विश्राम स्थल और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने पिछले वर्ष की यात्रा के सफल संचालन, उससे मिले अनुभवों और इस वर्ष की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने किया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।