4 जुलाई: मंडी जिले में पंडोह के समीप जागर पंचायत के पास फोरलेन सड़क पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
मृतक की पहचान स्थानीय निवासी जीवन लाल पुत्र कौल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जीवन लाल किसी कार्य से पंचायत घर आया था। काम निपटाने के बाद जब वह सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर सड़क किनारे खड़ी एक बस से जा टकराया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अशोक पठानिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि जीवन लाल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
हादसे के बाद बीडीसी सदस्य सौरव गुलेरिया और स्थानीय ग्रामीणों ने फोरलेन के डिजाइन तथा सड़क किनारे हो रही अवैध पार्किंग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क का डिजाइन स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है, जिससे यहां लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे स्थित होटलों के बाहर वाहनों की अवैध पार्किंग आम बात है, लेकिन संबंधित विभाग और पुलिस इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करते। उनका कहना है कि यदि समय रहते अवैध पार्किंग हटाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाता, तो इस तरह के हादसों से बचा जा सकता था।