सहकारिता सप्ताह: राजगढ़ में 120 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

2 जुलाई, रवि दत्त भारद्वाज : भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के सौजन्य से “सहकार से समृद्धि के स्वर्णिम पांच वर्ष” अभियान के तहत सहकारिता सप्ताह के अवसर पर राज्य कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की राजगढ़ शाखा ने गुरुवार को राजगढ़ में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान शिव मंदिर से हिमकू तक लगभग एक किलोमीटर के मार्ग पर करीब 120 पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और हरित वातावरण को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत नगर पंचायत राजगढ़ के वार्ड नंबर-5 स्थित शिव मंदिर परिसर में बेलपत्र के तीन पौधे लगाकर की गई। इसके बाद वार्ड सदस्य रीना कुमारी, पीएम श्री आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजगढ़ के विद्यार्थियों, बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने सड़क किनारे औषधीय, छायादार तथा पशुओं के चारे के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के करीब 120 पौधों का रोपण किया।

राज्य कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अजय धरमाईक ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के तहत यह अभियान भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राजकीय वरिष्ठ एवं उच्च विद्यालय पबियाना, घनेच और नेईनेटी में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि लगाए गए पौधों का सही तरीके से संरक्षण किया जाए, तभी पौधारोपण अभियान वास्तव में सफल माना जाएगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

सहकारिता सप्ताह के तहत शुरू किया गया यह अभियान आगामी दिनों में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों तक भी पहुंचेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *