2 जुलाई : सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में गुरुवार को एक बड़ा अग्निकांड हो गया। यहां गत्ते के डिब्बे (कार्टन) बनाने वाले एक उद्योग में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा उद्योग लपटों से घिर गया। घटना से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए। आग आसपास के उद्योगों तक न फैले, इसके लिए आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करवाकर काम बंद करा दिया गया। उद्योग के भीतर भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार कार्टन और महंगी मशीनरी रखी हुई थी, जो आग की चपेट में आ गई। आग के कारण फैक्ट्री भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा और अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कालाअम्ब के अलावा नाहन और हरियाणा के नारायणगढ़ से भी फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया और लगातार पानी की बौछारें कर आग को आसपास के उद्योगों तक फैलने से रोका। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी भी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में उद्योग मालिक को करोड़ों रुपये के आर्थिक नुकसान की आशंका है। फिलहाल दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।