पालमपुर का मुख्य बाजार बनेगा मॉल रोड, सप्ताह में तीन दिन बंद रहेगा ट्रैफिक

2 जुलाई: पालमपुर के मुख्य बाजार को सिविल अस्पताल से सुभाष चौक तक मॉल रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्ताव के तहत हर सप्ताह शुक्रवार, शनिवार और रविवार को शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस योजना को फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जाएगा। यदि यह सफल रही तो भविष्य में मुख्य बाजार को स्थायी रूप से मॉल रोड के रूप में विकसित करने और उसके सौंदर्यीकरण की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

एसडीएम डॉ. ओपी यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य पालमपुर में पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यटकों को आकर्षित करना और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करना है। योजना को अगले सप्ताह से लागू करने का प्रस्ताव है। इसके लिए मुख्य बाजार में ट्रैफिक बंद रहने के दौरान लोगों के लिए मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। ट्रैफिक प्लान और अन्य दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।

बैठक में व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने एक सप्ताह तक सुझाव आमंत्रित करने का निर्णय लिया है ताकि सभी हितधारकों की राय को योजना में शामिल किया जा सके। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

बैठक के दौरान शहर में अवैध पार्किंग, आवारा गोवंश और आवारा कुत्तों की समस्या पर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों ने प्रशासन की पहल का समर्थन करते हुए शहर के विकास के लिए सहयोग का भरोसा दिया। वहीं महापौर राधा सूद ने भी योजना को लेकर अपने सुझाव दिए और प्रशासन से उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *