मानसून को लेकर शिमला में एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम तैनात

2 जुलाई: मानसून के दौरान संभावित भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 30 सदस्यीय टीम बुधवार से शिमला में तैनात कर दी गई है। यह टीम 30 सितंबर तक एपीएमसी परिसर, ढली में रहेगी और जिले में किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए उपलब्ध रहेगी।

एनडीआरएफ टीम के शिमला पहुंचने पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानसून के दौरान भूस्खलन, बाढ़, सड़कें बंद होने, भवनों को नुकसान पहुंचने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव अभियान की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।

ज्योति राणा ने कहा कि जिला प्रशासन हर तरह की आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने एनडीआरएफ टीम को पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं सहित सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने बताया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि एनडीआरएफ की तैनाती से राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *