2 जुलाई: वर्ष 2026 बैच के हिमाचल प्रशासनिक सेवा एवं संबद्ध सेवाओं के 27 प्रशिक्षु अधिकारियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। प्रशिक्षु अधिकारी इन दिनों डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान, शिमला में फाउंडेशन कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में एचएएस एवं संबद्ध सेवाओं के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा जनता के विश्वास पर खरा उतरने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समावेशी विकास और सामाजिक कल्याण के सरकार के संकल्प को साकार करने के लिए अधिकारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव के.के. पंत, डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान की निदेशक डॉ. रूपाली ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।