1 जुलाई, रवि दत्त भारद्वाज : जिला सिरमौर के संगड़ाह से राजनीतिक दृष्टि से अहम खबर सामने आई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार के गृह क्षेत्र में पंचायत समिति संगड़ाह के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर पंचायत समिति पर कब्जा कर लिया है। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
पंचायत समिति संगड़ाह के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार अनिला कुमारी ने कांग्रेस समर्थित मंजू कुमारी को कड़े मुकाबले में एक मत से पराजित किया। अनिला कुमारी को कुल 8 मत प्राप्त हुए, जबकि मंजू कुमारी के पक्ष में 7 मत पड़े।
वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित दिनेश चौहान ने कांग्रेस समर्थित राजेंद्र सिंह को 3 मतों के अंतर से हराया। दिनेश चौहान को 9 मत, जबकि राजेंद्र सिंह को 6 मत मिले।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी। 
चुनाव के उपरांत एसडीएम संगड़ाह सुनील कैयथ ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष अनिला कुमारी तथा उपाध्यक्ष ठाकुर दिनेश चौहान को संविधान के तहत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
गौरतलब है कि श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत समिति संगड़ाह और नवगठित पंचायत समिति ददाहू आती हैं। हाल ही में हुए चुनाव में पंचायत समिति ददाहू के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी, जबकि अब पंचायत समिति संगड़ाह में भाजपा ने जीत हासिल कर क्षेत्र की राजनीतिक तस्वीर को संतुलित कर दिया है। यह परिणाम स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।