धर्मशाला जेल से फरार महिला कैदी 3 घंटे में गिरफ्तार, सुरक्षा चूक की होगी जांच

1 जुलाई: धर्मशाला स्थित लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त कारागार से मंगलवार सुबह एक विचाराधीन महिला कैदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, कांगड़ा पुलिस और जेल स्टाफ की त्वरित कार्रवाई के चलते फरार कैदी को करीब तीन घंटे के भीतर नूरपुर क्षेत्र से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

जेल प्रशासन के अनुसार, फरार महिला कैदी की पहचान अरविंदर कौर पुत्री सुखविंदर कौर, निवासी ग्राम बल्टोहा जोधसिंह वाला, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। वह नूरपुर थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज एक मामले में विचाराधीन कैदी थी। मंगलवार सुबह करीब 9:11 बजे वह महिला बैरक से फरार हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन ने जिलेभर में नाकाबंदी कर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे उसे नूरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

जिला कारागार धर्मशाला के अधीक्षक विकास भटनागर ने बताया कि जेल से कैदी का फरार होना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक है। घटना की जांच एसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि महिला कैदी जेल से बाहर निकलने में कैसे सफल हुई। मामले में नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

फरार महिला कैदी को तीन घंटे के भीतर पकड़ने में सराहनीय भूमिका निभाने वाले उप-कारागार नूरपुर के वार्डर दीपक कुमार और वार्डर प्रीतम कुमार को महानिदेशक कारागार अभिषेक त्रिवेदी द्वारा डीजी डिस्क अवार्ड और प्रशस्ति प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *