मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया पर कथित धमकी, हमीरपुर में मामला दर्ज

1 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित धमकी देने और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के मामले में हमीरपुर सदर थाना में केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई हमीरपुर के वार्ड नंबर-6 (शिव नगर) निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर की गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, फेसबुक पर ‘रिशु शर्मा’ नाम के अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट की गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कथित तौर पर धमकी दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार, मामला सामने आने के बाद संबंधित युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट से उक्त वीडियो हटा दी। हालांकि, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।

एडीशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 196, 296, 351(2), 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *