राज्यपाल से मिले अनुराग ठाकुर, जाखू मंदिर में पूजा-अर्चना कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

29 जून : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर सोमवार को शिमला प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि शिमला आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा जाखू मंदिर में दर्शन के बिना अधूरी मानी जाती है। उन्होंने भगवान हनुमान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उनके अनुसार वर्ष 2014 में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज देश पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को पक्का घर, गैस कनेक्शन, शौचालय, बैंक खाते, नल से जल और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं मिली हैं।

हिमाचल प्रदेश का उल्लेख करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश को एम्स बिलासपुर, नए मेडिकल कॉलेज, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे और सड़क संपर्क, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी अनेक विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिमाचल की 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को 2,247 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी मिली है।

यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट संकल्प है और उत्तराखंड में इसकी शुरुआत हो चुकी है। भविष्य में इसे अन्य राज्यों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

पाकिस्तान पर टिप्पणी करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह लगभग हर क्षेत्र में विफल राष्ट्र साबित हुआ है और आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि अपनी आंतरिक विफलताओं का दोष भारत पर मढ़ना उसकी पुरानी आदत है, जबकि भारत लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

शिमला प्रवास के दौरान अनुराग ठाकुर ने राजभवन में राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक हिमाचली रीति से उनका अभिनंदन किया और प्रदेश के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *