29 जून : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को चिल्ला गांव घाट पर आयोजित यमुना सफाई अभियान में स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाए रखना सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, ‘क्लीन दिल्ली विद सीएम’ अभियान में युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान लोगों से नदी की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के पुनर्जीवन के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। इसके तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के आधुनिकीकरण, नए विकेंद्रीकृत एसटीपी की स्थापना और सीवर नेटवर्क के विस्तार पर काम जारी है। साथ ही, यमुना में गिरने वाले नालों को चरणबद्ध तरीके से जोड़ा और नियंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में बिना उपचारित पानी को सीधे यमुना में जाने से रोकने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार प्रदूषण नियंत्रण और सीवेज प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरे को यमुना में न डालें। उन्होंने बताया कि पूजा सामग्री और खंडित मूर्तियों के सम्मानजनक निस्तारण के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष संग्रह केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां सामग्री का व्यवस्थित पुनर्चक्रण किया जाएगा।