29 जून: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि बड़ा भंगाल की भौगोलिक परिस्थितियाँ जितनी सुंदर हैं, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने वर्षों से कठिन हालात के बीच अपने सपनों और उम्मीदों को जीवित रखा है, इसलिए सरकार उनकी सुविधाओं के विस्तार और जीवन को अधिक सहज बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपये जारी करने का निर्णय घोषित किया। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुर्गम क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सतत प्रयास कर रही है और इसमें कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार दूरदराज क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और बड़ा भंगाल के लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।