29 जून : जिला मुख्यालय धर्मशाला के जोनल अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के नवीनीकरण और मरम्मत कार्य में मानसून की बारिश बाधा बन गई है। पहले अस्पताल प्रशासन ने 30 जून तक काम पूरा कर 1 जुलाई से ओटी सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन लगातार हो रही बारिश और छत से पानी के रिसाव के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। अब मौसम अनुकूल रहने पर 6 या 7 जुलाई तक ऑपरेशन थिएटर दोबारा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
करीब एक माह से ऑपरेशन थिएटर में मरम्मत और रखरखाव का कार्य जारी है। ओटी भवन की छत पर लगे सोलर पैनलों को सावधानीपूर्वक हटाने के बाद छत की मरम्मत शुरू की गई। इसी दौरान बारिश के कारण छत में पानी के रिसाव की समस्या सामने आई, जिसके चलते अतिरिक्त मरम्मत करनी पड़ रही है। फिलहाल छत की मरम्मत अंतिम चरण में है और कार्य तेजी से जारी है।
अस्पताल प्रशासन मरीजों और उनके परिजनों को पहले से ही ऑपरेशन थिएटर बंद होने की जानकारी दे रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस बीच, अस्पताल के सी-ब्लॉक में क्षतिग्रस्त होकर नीचे लटक रहे गटर कलेक्टर के हिस्से को सुरक्षा के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग ने हटा दिया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इसकी मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे जल निकासी व्यवस्था फिर से सुचारु हो सके।