29 जून : लाखों रुपये के साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए कथित ठगी के मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना में दबिश दी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में दर्ज एक साइबर फ्रॉड मामले की जांच के दौरान इसके तार हिमाचल प्रदेश से जुड़े होने की आशंका जताई गई। इसी आधार पर दिल्ली पुलिस की टीम ऊना पहुंची। आरोप है कि ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की गई।
जांच के दौरान स्थानीय स्तर पर कुछ युवकों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने की आशंका के चलते पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया। उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई और उनके मोबाइल फोन, बैंक खातों के लेन-देन तथा ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच की गई।
पूछताछ के बाद किसी भी युवक को गिरफ्तार नहीं किया गया। सभी को नोटिस देकर छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में साइबर अपराध और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए होने वाली ठगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि दिल्ली पुलिस साइबर फ्रॉड मामले की जांच के सिलसिले में ऊना आई थी। कुछ युवकों से पूछताछ की गई, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। मामले की जांच जारी है।