29 जून : करियर प्वाइंट विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ एलाइड एंड हेल्थ केयर प्रोफेशन्स द्वारा रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं फुल बॉडी टेस्ट शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन यशपाल वेलफेयर सोसायटी, भानू अस्पताल (मंडी), आस्था अस्पताल (हमीरपुर), पार्वती अस्पताल (डिम्मी) सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर वर्ष 2026 के पद्मश्री सम्मान से अलंकृत प्रो. पीएल गौतम के सम्मान में एक गरिमामय समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि समाजसेवी, लेखक एवं मोटिवेशनल स्पीकर भगवान दास रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता पद्मश्री प्रो. पीएल गौतम ने की। इस दौरान कुलपति कार्यालय की ओएसडी सुश्री ऋचा शर्मा ने यशपाल वेलफेयर सोसायटी की सामाजिक सेवा गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।