27 जून : गोरखपुर में आयोजित भाजपा के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ और भाजपा की स्थापना सत्ता हासिल करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए की गई थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर 1977 तक और उसके बाद 1980 में भाजपा के गठन से अब तक संगठन ने जिन मूल्यों, संस्कारों और सिद्धांतों के साथ अपनी यात्रा जारी रखी, उसी का परिणाम है कि आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ के समय से ही संगठन ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और प्रत्येक कार्यकर्ता ने उन मूल्यों को आत्मसात किया। योगी ने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए भाजपा एक आदर्श बनकर उभरी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी स्वतंत्र भारत की पहली सरकार में मंत्री थे, लेकिन उन्होंने देशहित और कश्मीर मुद्दे पर कांग्रेस सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनसंघ ने सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि यही विचारधारा आज भाजपा को देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर अलग पहचान दिला रही है।