27 जून : हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घुमारवीं पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बलोह फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 4 किलो 100 ग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी मंडी जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस जानकारी के अनुसार 26 जून को घुमारवीं थाना पुलिस ने मल्यावर लिंक रोड के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक ऑल्टो K-10 कार (टेम्परेरी नंबर TO226 CH2598) को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान कार से 4.100 किलो चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लेखराज (34) निवासी सुराड़ी, राज कुमार (36) निवासी बालीचौकी और रोहित कुमार (25) निवासी देवधार, जिला मंडी के रूप में हुई है।
एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।