27 जून : सुंदरनगर क्षेत्र में चोरों ने धार्मिक स्थलों को निशाना बनाते हुए माता भराड़ी के दो मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। वीरवार रात खुराहल और भनवाड़ स्थित मंदिरों में सेंधमारी कर चोर सोने-चांदी के आभूषण, पीतल की घंटियां और दानपात्र चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप और लोगों में भारी रोष है।
जानकारी के अनुसार खुराहल स्थित माता भराड़ी मंदिर में चोरों ने दरवाजों के कुंडे तोड़कर करीब आधा किलो चांदी का सिंहासन, लगभग 3 किलो चांदी का छत्र और करीब एक तोला सोने की बालियां चोरी कर लीं। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
वहीं, भनवाड़ पंचायत स्थित माता भराड़ी मंदिर में भी चोरों ने सेंधमारी कर करीब 15 किलो वजनी पीतल की घंटी और दानपात्र चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ जब लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी सलापड़ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस संदिग्धों की पहचान और चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए जांच में जुटी हुई है तथा जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।