25 जून : हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के गांव करेर की आंचल शर्मा ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) द्वारा आयोजित एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन टेक्नोलॉजी प्रवेश परीक्षा 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर प्रदेश और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। आंचल ने परीक्षा में 100 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
जारी परिणाम के अनुसार आंचल शर्मा के रोल नंबर 8660279 के सामने 100 परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक-1 दर्ज की गई है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन टेक्नोलॉजी चिकित्सा विज्ञान का एक अत्याधुनिक और महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसमें प्रवेश के लिए देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रतिस्पर्धा करते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना आंचल की मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है।
आंचल शर्मा की इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस उपलब्धि को प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।
आंचल शर्मा की यह उपलब्धि साबित करती है कि हिमाचल की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में किसी से पीछे नहीं हैं।