23 जून : पंचायत समिति सदर मंडी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए सोमवार को विकास खंड कार्यालय सदर, भ्यूली स्थित सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा देखने को मिला। वार्ड संख्या-19 टिल्ली कैहनवाल से पंचायत समिति सदस्य नारायण सिंह अध्यक्ष तथा वार्ड संख्या-11 देवरी से पंचायत समिति सदस्य चूड़ामणी उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता एसडीएम एवं प्राधिकृत अधिकारी सदर मंडी रूपिंदर कौर ने की। इस दौरान पंचायत समिति सदर मंडी के सभी 26 नवनिर्वाचित सदस्य मौजूद रहे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोनों उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि किसी अन्य सदस्य ने नामांकन नहीं भरा। इसके चलते दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसडीएम रूपिंदर कौर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। परिणाम घोषित होने के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दोनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पंचायत समिति क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।