23 जून : नगर परिषद परवाणू में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में हो रही देरी को लेकर भाजपा समर्थित पार्षदों ने सोमवार को महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डैज़ी ठाकुर के नेतृत्व में उपायुक्त सोलन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा समर्थित पार्षद ठाकुर दास शर्मा, राम ध्यान सिंह, रजनी सिंगला, नंदनी सूद और सीमा शर्मा शामिल रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर परिषद के चुनाव 17 मई को संपन्न हो चुके हैं, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं कराया गया है। इसके कारण परिषद का पूर्ण गठन लंबित है और कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक व विकासात्मक निर्णय प्रभावित हो रहे हैं।
डॉ. डैज़ी ठाकुर ने कहा कि परवाणू प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक नगर है, जहां सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए परिषद का पूर्ण रूप से कार्यशील होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव जल्द कराया जाना चाहिए।
उपायुक्त सोलन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एसडीएम कसौली वर्तमान में अवकाश पर हैं और उनके लौटते ही अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पूरी करवा दी जाएगी।
गौरतलब है कि परवाणू नगर परिषद के नौ वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा समर्थित पांच और कांग्रेस समर्थित चार पार्षद विजयी हुए हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।