22 जून : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां शालवी नदी में नहाने के दौरान 26 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक हादसा जिले के नेरवा स्थित शालवी नदी में हुआ। मृतक की पहचान बबलू (26), पुत्र सुभाष चंद, गांव झड़ेच, पुजारली तहसील जिला शिमला के रूप में हुई है। बबलू अपने कुछ साथियों के साथ नेरवा क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए शालवी नदी में गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
पास ही मैदान में मौजूद दो स्थानीय युवकों ने जब बबलू को डूबते देखा तो वे तुरंत नदी की ओर दौड़े और बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। दोनों युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद बबलू को बाहर निकाला और उपचार के लिए नेरवा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वहीं, स्थानीय प्रशासन की ओर से कार्यालय कानूनगो नेरवा के अधिकारी अश्वनी कुमार ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार अंतरिम आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र और मृतक के गांव में शोक का माहौल है।