22 जून : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मथुरा से आए एक बुजुर्ग ने गांव के चकरोड पर अतिक्रमण की शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि स्थानीय अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मथुरा के जिलाधिकारी को स्वयं मौके का निरीक्षण करने और अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विकास प्राधिकरण सहित संबंधित विभागों को नियमित निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनता दर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, राजस्व, आर्थिक सहायता और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामले भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
भीषण गर्मी के बीच पहुंचे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का हालचाल जानने के साथ मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें और खानपान में सावधानी बरतें।