दोहा डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा चौथे स्थान पर, राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किया क्वालिफाई

20 जून : दोहा डायमंड लीग 2026 में भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और चौथे स्थान पर रहे। हालांकि उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित क्वालिफाइंग मार्क हासिल कर लिया।

पीठ की चोट से उबरने के बाद प्रतियोगिता में वापसी कर रहे नीरज ने अपने अभियान की शुरुआत फाउल थ्रो से की। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 82.77 मीटर, तीसरे प्रयास में 85.69 मीटर और चौथे प्रयास में 83.45 मीटर भाला फेंका। उनका पांचवां प्रयास भी फाउल रहा। तीसरे प्रयास में हासिल की गई 85.69 मीटर की दूरी के आधार पर वह चौथे स्थान पर रहे।

श्रीलंका के रमेश तरंगा पथिरागे ने चौथे प्रयास में 88.68 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 86.38 मीटर के साथ दूसरे और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन 85.99 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

दोहा डायमंड लीग में यह नीरज चोपड़ा की लगातार चौथी उपस्थिति थी। उन्होंने वर्ष 2023 में 88.67 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता था, जबकि 2024 में 88.36 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। पिछले साल उन्होंने 90.23 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर से पीछे रहकर उपविजेता बने थे। इस बार वह पदक से चूक गए, लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *