20 जून : बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में मां-बेटे की मौत का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। किराए के मकान में रह रही सेवानिवृत्त शिक्षिका और उनके बीमार बेटे के शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान कुमुद शर्मा (66) और उनके बेटे अक्षांश (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अक्षांश लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और पिछले कई वर्षों से बेडरेस्ट पर था। उसकी देखभाल मां ही कर रही थीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार लंबे समय से मानसिक और आर्थिक तनाव से गुजर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।