नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर केंद्र सख्त, धर्मेंद्र प्रधान ने पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा के दिए निर्देश

19 जून : नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। परीक्षा से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर पारदर्शिता और निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के सफल और सुचारु संचालन के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धर्मेंद्र प्रधान ने अधिकारियों से कहा कि अभ्यर्थियों का विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

वहीं, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने भी छात्रों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी और परीक्षा स्थगित किए जाने संबंधी दावों में कोई सच्चाई नहीं है।

एनटीए ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय अपनी तैयारी पर फोकस करें और किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। एजेंसी ने छात्रों से शांत रहकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी जारी रखने का आग्रह किया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *