19 जून : नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रक्कड़ थाना पुलिस ने पंजाब से आ रहे एक ट्रक से भारी मात्रा में चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम कोलापुर के समीप गश्त और रूटीन चैकिंग पर मौजूद थी। इसी दौरान पंजाब की तरफ से आ रहे ट्रक (PB 11DF-7976) को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक से 6 किलो 802 ग्राम चूरा-पोस्त बरामद हुई। मौके पर ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह (31) निवासी अमृतसर और हरप्रीत सिंह (36) निवासी रूपनगर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और हिमाचल में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।