18 जून: दांवी घाटी के ऐतिहासिक झंडा मेले का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य एडवोकेट सुरभि ठाकुर ने विधिवत पूजा-अर्चना और झंडा रस्म अदा कर किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्सव और आस्था का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर एडवोकेट सुरभि ठाकुर ने कहा कि दांवी घाटी का यह ऐतिहासिक मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से पुरानी परंपराएं जीवित रहती हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
तीन दिवसीय इस मेले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। मेले का मुख्य आकर्षण कुश्ती प्रतियोगिताएं रहेंगी, जिसमें क्षेत्र के पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा युवाओं के लिए अन्य खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
मेले को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति द्वारा मेले के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस मौके पर भाजपा नेता रोशन ठाकुर, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं पंचायत प्रधान कोटला सुमन ठाकुर, पूर्व पंचायत प्रधान सिकरोहा दुर्गा राम ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य रामपाल ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।