अमरोह चौक पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत, चार घायल

18 जून : हमीरपुर जिले के अमरोह क्षेत्र में नेशनल हाईवे-103 पर बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे अमरोह चौक के पास हुआ, जहां दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार एक बाइक अमरोह की ओर जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान नादौन की तरफ से आ रही दूसरी बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग घायल हो गए। इनमें एक बाइक पर तीन और दूसरी पर दो लोग सवार थे।

घायलों को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। यहां से गंभीर रूप से घायल केवल कुमार निवासी दरबेली, जिला हमीरपुर को पहले एम्स बिलासपुर और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *