18 जून : ओमान तट पर हुए मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत हड़ेटा के भालू गांव निवासी आदित्य का शव बुधवार देर शाम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंच गया। शव के अस्पताल पहुंचते ही परिजनों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन ने शव को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं, जबकि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गई है।
जानकारी के अनुसार आदित्य का शव बुधवार सुबह करीब आठ बजे दिल्ली पहुंचा था। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोपहर करीब तीन बजे शव को चंडीगढ़ लाया गया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से हमीरपुर रवाना किया गया। देर शाम शव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचा।
वीरवार को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद भालू गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ आदित्य का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
मृतक के पिता राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशासन और संबंधित विभागों के सहयोग से शव को हमीरपुर लाया गया है। वहीं, मृतक के चाचा सहित अन्य रिश्तेदार भी अंतिम संस्कार की प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।
गौरतलब है कि 10 जून को अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के दौरान ओमान तट के पास एक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ था। जहाज पर सवार 24 लोगों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि हमीरपुर के आदित्य समेत तीन लोगों की इस हमले में मौत हो गई थी।