संधोल कॉलेज बहाली को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

18 जून : संधोल कॉलेज को बंद करने के फैसले के विरोध में बुधवार को संधोल में भाजपा द्वारा जन आक्रोश रैली और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। भाजपा नेता एवं धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा प्रत्याशी रजत ठाकुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। महिलाओं, छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कॉलेज को तत्काल बहाल करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कॉलेज बंद करने का निर्णय क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्रों और छात्राओं के हितों पर सीधा प्रहार है। उनका आरोप था कि इस फैसले से उच्च शिक्षा के अवसर सीमित हो रहे हैं और हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

विरोध प्रदर्शन के तहत बस स्टैंड संधोल से अस्पताल, कैंप क्षेत्र और मिनी सचिवालय तक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने कहा कि संधोल कॉलेज पूरे क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरतों का प्रमुख केंद्र है और इसे बंद करना क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।

रैली के बाद प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार संधोल के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कॉलेज को तुरंत बहाल करने, शिक्षकों और कर्मचारियों के रिक्त पद भरने तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न होने देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

इस दौरान रजत ठाकुर ने कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि संधोल कॉलेज वर्षों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा था, लेकिन इसे बंद कर युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बंद किए गए अन्य कॉलेजों को बहाल किया जा चुका है, जबकि संधोल कॉलेज के मामले में अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा बढ़ रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *