9 साल के अरमान ने दिखाया दम, 80 किलो वजन उठाकर जीता राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक

17 जून : बिलासपुर जिले के ग्राम मनहन (सुन्हाणी) के होनहार खिलाड़ी अरमान शर्मा ने महज 9 वर्ष की उम्र में अपनी शानदार उपलब्धि से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। धर्मशाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्टेट पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में अरमान ने 80 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र के प्रतिभागी होने के बावजूद उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

अरमान की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छोटी उम्र में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान उनके आत्मविश्वास और प्रदर्शन ने दर्शकों व खेल विशेषज्ञों को भी प्रभावित किया।

अरमान के पिता दीपक शर्मा और माता भारती शर्मा ने बेटे की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अरमान शुरू से ही खेलों के प्रति रुचि रखते हैं और नियमित रूप से अभ्यास करते हैं।

खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि अरमान को उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर मिलते रहे तो वह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अरमान शर्मा ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा और जुनून के आगे उम्र कोई मायने नहीं रखती।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *