16 जून : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 99.57 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली मंडी जिले की होनहार छात्रा अलीशा को एक दिन के लिए उपायुक्त (डीसी) बनने का अवसर मिला। जिला मंडी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कोटली की अलीशा ने सोमवार को एक दिन की डीसी के रूप में जिम्मेदारी संभाली और प्रशासनिक कार्यों का अनुभव लिया।
उपायुक्त कार्यालय में अलीशा ने लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों की कार्यप्रणाली को समझा और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह में भी भाग लिया। इसके साथ ही राज्यव्यापी मेगा मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों और एजेंसियों की भूमिका को करीब से जाना।
इस दौरान पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अलीशा को शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था और शासन प्रणाली से परिचित कराना है, ताकि उनमें नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
अलीशा ने कहा कि एक दिन के लिए उपायुक्त की भूमिका निभाना उनके जीवन का यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि यह अवसर किसी सपने के सच होने जैसा है और इससे उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। अलीशा का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना है।