15 जून : ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते की खबर से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 1300 अंक तक उछल गया। सेंसेक्स 1,197.32 अंकों की बढ़त के साथ 76,725.27 पर खुला और कारोबार के दौरान 76,821 अंक तक पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक यह 1,036.56 अंक यानी 1.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,564.51 पर कारोबार कर रहा था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को घोषणा की कि ईरान के साथ शांति वार्ता को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रस्तावित समझौते में लेबनान समेत विभिन्न मोर्चों पर हमले रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए तत्काल खोलने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। इस समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में औपचारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे।
समझौते की खबर का असर वैश्विक बाजारों में भी दिखाई दिया। एशियाई और यूरोपीय बाजारों में तेजी रही, जबकि डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव देखने को मिला। जापान का निक्केई सूचकांक करीब पांच प्रतिशत तक मजबूत हुआ, वहीं डॉलर के मुकाबले रुपया 55 पैसे मजबूत होकर कारोबार करता दिखा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 361.95 अंकों की बढ़त के साथ 23,984.85 पर खुला। बाद में यह 314.55 अंक यानी 1.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,937.45 पर पहुंच गया। बाजार में सभी सेक्टरों में खरीदारी का माहौल रहा। ऑटो, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, रियल्टी, उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस तथा सीमेंट शेयरों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई।
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में इंडिगो का शेयर चार प्रतिशत से अधिक चढ़ा। वहीं इटरनल, एलएंडटी और बजाज फिनसर्व के शेयरों में तीन से चार प्रतिशत तक की तेजी रही। बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और मारुति सुजुकी के शेयर भी दो से तीन प्रतिशत तक मजबूत हुए। हालांकि सन फार्मा का शेयर लाल निशान में कारोबार करता नजर आया।