रावी नदी में नहाते समय हादसा, चंबा के युवक की डूबने से गई जान

15 जून : चंबा जिले के बालू क्षेत्र के समीप रावी नदी में नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान अमित कुमार पुत्र दलीप कुमार निवासी मोहल्ला पक्काटाला, चंबा के रूप में हुई है। वह स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि अमित रविवार को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घूमने के लिए बालू क्षेत्र पहुंचा था। इस दौरान वह नहाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से तेज बहाव की चपेट में आ गया।

घटना का पता चलते ही आसपास मौजूद लोगों ने मदद का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से नदी में खोज अभियान चलाया। कुछ समय बाद जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप नदी से अमित कुमार का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना को लेकर जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *