कल्हेल पुल के नीचे मिला 26 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका; चम्बा-तीसा मार्ग पर प्रदर्शन

14 जून: चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र में कल्हेल पुल के नीचे 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरविन्द्र सिंह पुत्र ऋषि निवासी गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। परिजनों ने मामले में साजिश की आशंका जताते हुए चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *