14 जून : नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परवाणू पुलिस ने दो युवकों को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद करने के साथ-साथ वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान टीम ने सेब मंडी के समीप एक सुनसान स्थान पर खड़ी कार में बैठे दो युवकों को संदिग्ध गतिविधियों के चलते जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष (23) निवासी कुमारसैन और ऋतिक (24) निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
एसपी सोलन तिरुमला एसडी वर्मा ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।