14 जून : मणिकर्ण घाटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय किशोर ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले उसके पिता और बहन की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मणिकर्ण थाना क्षेत्र के सरसाड़ी ढांक के पास पर्यटकों से भरी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। वाहन में चालक सहित पांच लोग सवार थे। हादसे में जालंधर निवासी परमजीत और उनकी 19 वर्षीय बेटी निधि की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनका 17 वर्षीय बेटा आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया था।
आदित्य को बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, हादसे में घायल दो अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। इनमें मृतक की पत्नी रेनू और एक छह वर्षीय बच्चा शामिल हैं। चिकित्सक दोनों की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मामले की जांच जारी है।