अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी शाहपुर की बेटी, कुराश कप में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान

14 जून, तरसेम जरयाल : शाहपुर क्षेत्र की प्रतिभाशाली खिलाड़ी निहारिका राणा ने उज़्बेकिस्तान के नूकुस में आयोजित ओपन एशियन सीनियर कुराश कप में कांस्य पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर प्रदेश सरकार में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने निहारिका राणा का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निहारिका ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो प्रदेश के युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के उदयपुर गांव से संबंध रखने वाली निहारिका राणा पहले भी भारतीय कुराश टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। अब एशियाई स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का एक बार फिर लोहा मनवाया है।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि निहारिका की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वह देश के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।

निहारिका की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *