14 जून : चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना में हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जानकी दास के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ के धनास क्षेत्र में रह रहे थे और सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर में कैशियर के तौर पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर दो अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और काउंटर पर मौजूद जानकी दास पर फायरिंग कर फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद घायल को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
जानकी दास मूल रूप से शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से संबंध रखते थे। उनकी पत्नी हाल ही में पंचायत चुनाव जीतकर ग्राम पंचायत प्रधान बनी हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं तथा मामले की गहन जांच जारी है।