भारतीय जहाजों पर हमले को लेकर अमेरिका-ईरान आमने-सामने, आरोपों पर बढ़ा कूटनीतिक विवाद

13 जून : भारतीय जहाजों पर कथित हमलों को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच नया कूटनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में भारतीय जहाजों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। वहीं, ईरान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर दावा किया कि भारतीय जहाजों पर हुए हमलों के पीछे ईरान की भूमिका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईरान ने शांति वार्ता से जुड़ी गोपनीय जानकारियां मीडिया में लीक की हैं।

दूसरी ओर, नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय जहाजों पर हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराना तथ्यात्मक रूप से गलत है। दूतावास ने दावा किया कि हाल के दिनों में भारतीय चालक दल वाले जहाजों पर हुए हमलों को लेकर गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है।

इस बीच भारत ने ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों को लेकर चिंता जताई है। भारत सरकार ने संबंधित पक्षों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भारतीय अधिकारियों का कहना है कि वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम एशिया क्षेत्र में बढ़ते तनाव और समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *