मंडी के सेरी मंच पर 13 से 15 अक्टूबर तक लगेगा सेवा सेतु शिविर, सोलर पैनल के पंजीकरण और लोन की मिलेगी सुविधा

10 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड के परिचालन वृत्त मंडी की ओर से 13 से 15 अक्टूबर, 2026 तक मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं उपभोक्ता पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देने के साथ मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

उप मुख्य अभियंता, परिचालन वृत्त मंडी, अरुण शर्मा ने बताया कि विद्युत भवन शिमला के मुख्य अभियंता (एसपी) के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे इस शिविर का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्रणाली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। शिविर में सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएगी।

शिविर में पंजीकरण डेस्क स्थापित किया जाएगा, जहां विभागीय तकनीकी सहायक उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में मदद करेंगे।

इसके अलावा सरकार द्वारा सूचीबद्ध सोलर वेंडरों के प्रतिनिधि भी शिविर में मौजूद रहेंगे। उपभोक्ता अपनी छत की क्षमता के अनुसार सोलर प्लांट की क्षमता, लागत, उपकरणों की वारंटी और नेट मीटरिंग से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधि सोलर प्लांट लगाने के लिए ऋण संबंधी जानकारी देने के साथ पात्रता की जांच में भी सहायता करेंगे।

शिविर में योजना परामर्श डेस्क के माध्यम से केंद्रीय सब्सिडी, पात्रता के नियमों और नेट मीटरिंग के लाभों की जानकारी भी दी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को योजना की प्रक्रिया समझने और अपने घरों में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने में मदद मिलेगी।

अरुण शर्मा ने मंडी शहर और आसपास के क्षेत्रों के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 13 से 15 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच सेरी मंच पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। पंजीकरण और अन्य औपचारिकताओं को सुविधाजनक बनाने के लिए उपभोक्ता अपना नवीनतम बिजली बिल और आधार कार्ड साथ लेकर आएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित कर बिजली बिल में बचत की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, निर्धारित नियमों के अनुसार अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने की सुविधा भी मिल सकती है। उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *