गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस पर बीबीएनडीए शहीदी पार्क में पौधारोपण, 1100 ट्री मिशन के तहत लगाए 21 पौधे

11 जून, कविता शांति गौतम: बद्दी में गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस और आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए 1100 ट्री मिशन के तहत बीबीएनडीए शहीदी पार्क में 21 पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाना है।

पौधारोपण कार्यक्रम में समाजसेवी एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वस्तिक गौतम ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लगभग आठ वर्ष पहले उनके पिता ने भी प्रेस क्लब के सहयोग से इसी पार्क में पौधे लगाए थे और आज स्वयं यहां पौधारोपण करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।

स्वस्तिक गौतम ने कहा कि 1100 ट्री मिशन के माध्यम से क्षेत्र में हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 13 जून को गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस के अवसर पर न्यू टाउन माधव बस्ती में सरदार रमनदीप सिंह एवं संगत के सहयोग से छबील और लंगर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

इस पौधारोपण अभियान में एचपी से विनोद सिसोदिया, हरिओम मेहता, विकास कुमार, लखन भारद्वाज, धैर्य प्रभाकर, अमित कुमार, अंकित, आशु और धीरज सहित कई समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षों के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। आयोजकों ने बताया कि 1100 ट्री मिशन के तहत भविष्य में भी बद्दी और आसपास के क्षेत्रों में ऐसे पौधारोपण अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *